नीमच। पश्चिमी क्षेत्र के प्रमुख झांझरवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र में इन दिनों जंगली जानवरों, विशेषकर हाइना के बढ़ते मूवमेंट से उद्योगपति, कर्मचारी और मजदूर दहशत में हैं। राजस्थान सीमा से लगे इस क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से हाइना के झुंड फैक्ट्रियों और सड़कों के आसपास खुलेआम घूमते नजर आ रहे हैं।
मजदूरों का कहना है कि काम पर आते-जाते समय अक्सर जंगली जानवर दिखाई देते हैं, जिससे किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। रात की शिफ्ट में काम करने वाले कर्मचारी खुद को अधिक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
उद्योग संचालकों ने बताया कि क्षेत्र में प्रतिदिन हजारों श्रमिक कार्य करते हैं। ऐसे में जंगली जानवरों की बढ़ती मौजूदगी गंभीर चिंता का विषय है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों और उद्योगपतियों ने वन विभाग एवं प्रशासन से क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर जंगली जानवरों को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।