सरसी। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस (31 मई) के अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में भारत को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से गायत्री परिवार युवा प्रकोष्ठ द्वारा ग्राम उपलाई में जनजागरण रैली एवं मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के तहत गायत्री परिवार के सदस्यों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर गायत्री मंदिर उपलाई से व्यसन मुक्ति रैली निकाली। रैली गांव के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी और लोगों को तम्बाकू, गुटखा, शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान नशामुक्त जीवन अपनाने तथा स्वस्थ समाज निर्माण का संदेश दिया गया।
रैली के साथ मानव श्रृंखला बनाकर भी जनजागरूकता का प्रयास किया गया। कार्यक्रम का समापन पुनः गायत्री मंदिर परिसर में हुआ, जहां सामूहिक आरती के पश्चात उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।
गायत्री परिवार जावरा के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी संजय गुप्ता ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण एवं सामाजिक कुरीतियों का उन्मूलन गायत्री परिवार का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि गायत्री परिवार की शक्तिपीठें व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण एवं समाज निर्माण की विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रही हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गायत्री परिजन एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।