प्रतापगढ़। जेठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्मशान स्थित दादा भैरवनाथ धाम एवं मसान वाली महाकाली माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा और पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
इस अवसर पर दादा भैरवनाथ एवं महाकाली माता का आकर्षक एवं भव्य श्रृंगार किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित किया। दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे भक्तों ने दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं क्षेत्र के कल्याण की कामना की।
धार्मिक अनुष्ठानों के तहत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न हुआ। इसके पश्चात विशेष महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आरती के दौरान मंदिर परिसर जय दादा भैरवनाथ एवं जय मसान वाली महाकाली माता के जयघोषों से गूंज उठा।
दिनभर मंदिर परिसर में भक्तों का आवागमन बना रहा। आयोजन समिति एवं सेवादारों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं संभालीं। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
जेठ पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन ने क्षेत्र में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अनूठा वातावरण निर्मित कर दिया।