गरोठ। मंदसौर जिले की सुवासरा तहसील अंतर्गत अंतरालिया फंटा के समीप सोमवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में ढाई वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार एक कार दिल्ली से नीमच की ओर जा रही थी। सोमवार सुबह करीब 10 बजे अंतरालिया फंटा के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार ढाई वर्षीय बच्ची आश्वी जैन की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना में कार में सवार परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया तथा घायलों को वाहन से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।घायलों में राहुल जैन (41 वर्ष), पिता पदमचंद जैन, निवासी दिल्ली तथा निर्मला अग्रवाल (72 वर्ष), पति अनिल अग्रवाल, निवासी नीमच शामिल हैं। अन्य दो घायलों की पहचान और विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

मासूम बच्ची की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने परिजनों और रिश्तेदारों को घटना की सूचना दे दी है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
