मनासा। अखिल विश्व गायत्री परिवार, जिला नीमच द्वारा 25 से 31 मई तक आयोजित युग निर्माण ग्राम प्रवज्जा सप्ताह का समापन रविवार को ग्राम बनी में व्यसन मुक्ति जनजागरूकता रैली एवं सामूहिक साधना के साथ संपन्न हुआ। सप्ताहभर चले अभियान के दौरान ग्राम प्रवज्जा, दीवार लेखन, स्टिकर अभियान, सामूहिक साधना एवं सत्संग जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही प्रज्ञा मंडल एवं महिला मंडल का गठन भी किया गया।
अंतरराष्ट्रीय तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर ग्राम बनी स्थित गायत्री प्रज्ञापीठ से सायं 6 बजे व्यसन मुक्ति जनजागरण रैली निकाली गई। रैली में गायत्री परिवार के वरिष्ठ प्रतिनिधि, मातृशक्ति, युवा वर्ग, कन्या कौशल शिविर की बहनें एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने गांव में भ्रमण करते हुए विचार क्रांति अभियान के तहत दीवार लेखन, व्यसन मुक्ति संबंधी नारे, पंपलेट, स्टिकर एवं संदेश पट्टिकाओं के माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश दिया। ग्रामीणों को तंबाकू, शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर स्वस्थ एवं संस्कारित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
ग्राम प्रवज्जा के पश्चात रैली पुनः गायत्री प्रज्ञापीठ पहुंची, जहां प्रज्ञा गीत, सामूहिक साधना एवं जनशताब्दी वर्ष के अंतर्गत कर्तव्यों एवं प्रज्ञा संस्थानों की गतिविधियों पर आधारित प्रेरक संदेश दिए गए। कार्यक्रम के दौरान प्रज्ञा मंडल के गठन की प्रक्रिया भी संपन्न हुई।
इस अवसर पर ग्राम बनी के समर्पित परिजनों के अलावा नीमच, मनासा, अल्हेड़, बड़कुआ, गांगनियाखेड़ी, रायसिंहपुरा सहित विभिन्न क्षेत्रीय शाखाओं के सक्रिय कार्यकर्ता, मातृशक्ति एवं गायत्री परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।