देवरी खवासा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर ग्राम देवरी खवासा में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय शिव महापुराण कथा का शुभारंभ सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। सुबह 10ः00 बजे निकली कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कलश यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए कथा स्थल तक पहुंची, जहां धार्मिक अनुष्ठानों के साथ कथा का शुभारंभ किया गया।
यह शिव महापुराण कथा 1 जून से 7 जून 2026 तक प्रतिदिन सुबह 11ः00 बजे से दोपहर 3ः00 बजे तक अंबिकापुरी पाटीदार समाज धर्मशाला, देवरी खवासा में आयोजित की जाएगी। कथा का वाचन कथावाचक पंडित श्री रूद्रदेव जी त्रिपाठी (जावद) द्वारा किया जा रहा है।
कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आयोजन समिति एवं समस्त ग्रामवासियों ने क्षेत्र के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से कथा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।