छोटीसादड़ी। भीषण गर्मी के बीच पक्षियों के संरक्षण एवं उनके लिए पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंशापूर्ण महादेव मंदिर परिसर में मिट्टी के परिंडे बांधने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं नागरिकों ने पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता व्यक्त करते हुए आमजन से भी अपने घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों पर परिंडे लगाने की अपील की।
कार्यक्रम में पार्षद भरत कुमार खटीक, पूर्व पार्षद अजय कुमार यादव, मेवाड़ यादव समाज महापंचायत के संगठन सचिव अरुण यादव, समाजसेवी राकेश यादव, किड्ज प्लेनेट स्कूल के प्रधानाचार्य मनोहरलाल यादव, जयनारायण, प्रदीप, मंशापूर्ण महादेव मंदिर के पुजारी छगनलाल, गणेश, चौनसुख तथा मीडिया प्रभारी कन्हैयालाल जेवरिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि गर्मी के मौसम में पक्षियों को पानी और दाने की अत्यधिक आवश्यकता होती है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह पक्षियों के लिए जलपात्र एवं परिंडों की व्यवस्था कर पर्यावरण संरक्षण और जीवों की सेवा में अपना योगदान दे।
कार्यक्रम का समापन पक्षियों के संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन तथा जीव-जंतुओं के प्रति दया और सेवा भाव का संदेश देकर किया गया।