निंबाहेड़ा। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच आमजन एवं रेल यात्रियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद, शाखा निंबाहेड़ा द्वारा रेलवे स्टेशन परिसर में संचालित शीतल पेयजल सेवा के तहत सोमवार को विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में चित्तौड़गढ़ जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष एवं युवा उद्योगपति पूरण आंजना तथा निंबाहेड़ा नगर पालिका के निवर्तमान अध्यक्ष सुभाषचंद्र शारदा ने परिषद के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को शीतल पेयजल वितरित किया। परिषद की ओर से अतिथियों का उपरना ओढ़ाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर आंजना और शारदा ने कहा कि भीषण गर्मी में जरूरतमंदों की सेवा करना मानवता का सबसे बड़ा धर्म है। उपस्थित लोगों ने इस सेवा कार्य को जनसेवा का अनुकरणीय उदाहरण बताते हुए इसकी सराहना की।
कार्यक्रम में नगर कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव रविप्रकाश सोनी एवं महासचिव जावेद खान ने भी सहभागिता निभाई और परिषद के सेवा अभियान की प्रशंसा की।
परिषद पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष ग्रीष्मकाल में रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर शीतल पेयजल सेवा संचालित की जाती है, ताकि यात्रियों, श्रमिकों एवं आमजन को गर्मी से राहत मिल सके। यह अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।
इस अवसर पर परिषद अध्यक्ष उमेश तोतला, जिला समन्वयक दिलीप सिंह, सचिव श्यामलाल आमेटा सहित परिषद के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।