नीमच। प्री-मानसून गतिविधियों के प्रभाव से सोमवार शाम नीमच जिले में मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी-तूफान के साथ शुरू हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
दिनभर आसमान में रुक-रुक कर बादलों की आवाजाही बनी रही। शाम होते-होते घने बादलों ने पूरे क्षेत्र को अपने आगोश में ले लिया और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत महसूस की।
बारिश के दौरान कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही, जिससे लोगों को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा। खबर लिखे जाने तक जिले के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी था।
जिला मुख्यालय के अलावा आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी प्री-मानसून गतिविधियों के चलते मौसम में बदलाव बना रह सकता है।