मनासा। अखिल विश्व गायत्री परिवार, जिला नीमच द्वारा 25 से 31 मई तक आयोजित युग निर्माण ग्राम प्रवज्जा सप्ताह का समापन ग्राम बनी में व्यसन मुक्ति जनजागरूकता रैली एवं सामूहिक साधना के साथ किया गया।
अंतरराष्ट्रीय तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर गायत्री प्रज्ञापीठ, बनी से व्यसन मुक्ति रैली निकाली गई। रैली में गायत्री परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति, युवाओं, कन्या कौशल शिविर की प्रतिभागियों एवं ग्रामीणों ने सहभागिता की। इस दौरान गांव में भ्रमण कर दीवार लेखन, नारे, पंपलेट, स्टीकर एवं तख्तियों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश दिया गया।
रैली के पश्चात गायत्री प्रज्ञापीठ में प्रज्ञा गीत, सामूहिक साधना एवं सत्संग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनशताब्दी वर्ष, नागरिक कर्तव्यों तथा प्रज्ञा संस्थानों की गतिविधियों पर जानकारी दी गई। साथ ही ग्राम में प्रज्ञा मंडल एवं महिला मंडल के गठन की प्रक्रिया भी पूर्ण की गई।
कार्यक्रम में ग्राम बनी सहित नीमच, मनासा, अल्हेड़, बड़कुआ, गांगनियाखेड़ी और रायसिंहपुरा क्षेत्र की शाखाओं से जुड़े कार्यकर्ता, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।