शामगढ़/गरोठ। क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण लेकर आईं पूर्व सैनिक श्रवण सिंह देवड़ा की पुत्री चांदनी कुंवर देवड़ा का चयन भारतीय वायु सेना के एक्स ग्रुप में हुआ है। इस उपलब्धि के साथ चांदनी शामगढ़ तहसील से भारतीय वायु सेना के एक्स ग्रुप में चयनित होने वाली पहली महिला बन गई हैं।
चांदनी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी रॉयल एकेडमी, शामगढ़ से प्राप्त की। सैन्य पृष्ठभूमि वाले परिवार से संबंध रखने के कारण उनमें बचपन से ही देशसेवा का जज्बा रहा है। अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर उन्होंने यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
चांदनी की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। परिजनों, शिक्षकों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि चांदनी की सफलता क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें भी देशसेवा तथा उच्च लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करेगी। चांदनी ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे शामगढ़ और मंदसौर जिले का नाम गौरवान्वित किया है।