जावरा। केंद्र सरकार की एसडीआरएफ 2.0 योजना के अंतर्गत आनंदी हनुमान श्मशान घाट पर निर्माणाधीन रिटेनिंग वॉल का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा होने से वार्डवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। वार्ड निवासी ननीबाई धाकड़ ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि कई बार शिकायत और पत्राचार किए जाने के बावजूद नगर पालिका द्वारा शेष निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया जा रहा है।
ज्ञापन के अनुसार श्मशान घाट क्षेत्र में लगभग 360 मीटर लंबी रिटेनिंग वॉल का निर्माण प्रस्तावित था, लेकिन अब तक केवल 210 से 220 मीटर तक ही निर्माण कार्य किया गया है। शेष हिस्सा दो वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है। वर्ष 2024 से लेकर 2026 तक कई बार संबंधित अधिकारियों और विभागों को पत्र लिखकर निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
आवेदक ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य निर्धारित ड्राइंग और डिजाइन के अनुरूप नहीं किया गया तथा गुणवत्ता संबंधी गंभीर अनियमितताएं भी सामने आई हैं। उन्होंने दावा किया कि निर्माण कार्य से संबंधित फोटो और वीडियो उनके पास उपलब्ध हैं, जिनके आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा सकती है। साथ ही रिटेनिंग वॉल निर्माण की उच्च स्तरीय जांच की मांग भी की गई है।
वार्डवासियों का कहना है कि नगर पालिका को कई बार समस्या से अवगत कराने के बावजूद केवल आश्वासन दिए गए, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी के विरोध में वार्डवासियों ने 4 जून 2026, गुरुवार को सुबह 10 बजे से आनंदी हनुमान श्मशान घाट परिसर में भूख हड़ताल और आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि नगर पालिका को तत्काल निर्देश देकर अधूरा निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। अन्यथा वार्डवासी आंदोलन और भूख हड़ताल करने को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासनिक तंत्र की होगी।
इस संबंध में ज्ञापन की प्रतिलिपि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त, संयुक्त संचालक उज्जैन, कलेक्टर रतलाम, जावरा विधायक सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को भी प्रेषित की गई है।