नीमच। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, उज्जैन जोन के निर्देशानुसार मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच में जिला स्तरीय जनसुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने की।
शिविर में आम नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत कीं। पुलिस अधीक्षक ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान आयोजित सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर में लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 15 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद कराया गया। वहीं जनसुनवाई शिविर में करीब 54 फरियादियों ने विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिनके शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री व्यास ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से जुड़े मामले, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य जनहित के प्रकरणों पर विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए।
शिविर में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद रोहित राठौर, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनासा निकिता सिंह, जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी, विभिन्न शाखाओं के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में फरियादी एवं आवेदक उपस्थित रहे।