छतरपुर। 21 दिवसीय कठिन साधना पूर्ण करने के बाद बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री मंगलवार को बद्रीनाथ धाम से वापस बागेश्वर धाम पहुंच गए। अपने गृह जिले छतरपुर की सीमा में प्रवेश करते ही गंज टावर सहित विभिन्न स्थानों पर हजारों श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर उनका भव्य और अभूतपूर्व स्वागत किया।
बागेश्वर सरकार के स्वागत के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। डीजे, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच भक्तों ने अपने गुरुदेव के प्रति अपनी आस्था और श्रद्धा व्यक्त की। जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए थे, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्पमालाएं अर्पित कर उनका अभिनंदन किया।
बागेश्वर धाम पहुंचने पर उनकी माताजी ने आरती उतारकर एवं पुष्प वर्षा कर उनका गृह प्रवेश कराया। इसके बाद बागेश्वर सरकार ने मंदिर पहुंचकर बागेश्वर बालाजी एवं सन्यासी बाबा के दर्शन, परिक्रमा और पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
21 दिनों की साधना पूर्ण कर लौटे बागेश्वर सरकार के दर्शन के लिए मंगलवार को बागेश्वर धाम में हजारों श्रद्धालु पहुंचे। वहीं साप्ताहिक मंगलवार पेशी में शामिल होने के लिए भी बड़ी संख्या में भक्त पहले से ही धाम में मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार, कठिन साधना के उपरांत बागेश्वर महाराज आगामी चार दिनों तक बागेश्वर धाम में ही रहेंगे। इस दौरान श्रद्धालुओं को उनके दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।