मनासा। माहेश्वरी समाज मनासा की नई कार्यकारिणी के चुनाव रविवार को स्थानीय द्वारिकापुरी महेश भवन में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। चुनाव को लेकर समाज में उत्साह का माहौल रहा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष शनिवार को नई कार्यकारिणी के लिए 31 सदस्यों ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए थे। नामांकन पत्रों की जांच के बाद निर्धारित समयावधि में तीन प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिए, जिसके बाद 28 उम्मीदवार मैदान में रह गए। इनमें से 15 सदस्यों का निर्वाचन किया जाना था।
रविवार को दोपहर 4 बजे से शाम 7 बजे तक मतदान हुआ, जिसमें समाज के 182 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान समाप्त होने के बाद रात 8 बजे से मतगणना शुरू हुई, जिसके आधार पर 15 सदस्यों को नई कार्यकारिणी के लिए निर्वाचित घोषित किया गया।
निर्वाचित कार्यकारिणी की बैठक में पदाधिकारियों का चयन किया गया, जिसमें प्रद्युम्न मारू को अध्यक्ष, निरंजन बसेर को उपाध्यक्ष, राजेश सोडानी को सचिव तथा ललित मुंदड़ा को सह सचिव पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
चुनाव में दो पैनल आमने-सामने थे, लेकिन पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सादगीपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। समाजजनों ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।