रामपुरा। नगर में गत सात दिनों से चल रही श्रीमद्भागवत कथा का समापन भव्य तुलसी विवाह समारोह के साथ हुआ। धार्मिक आयोजन के अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
कथा का वाचन पंडित सोनू शास्त्री (मोलखी) द्वारा किया गया, जिसे सुनने प्रतिदिन हजारों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु पहुंचे। समापन अवसर पर आयोजित तुलसी विवाह समारोह में क्षेत्रीय सांसद सुधीर गुप्ता एवं विधायक अनिरुद्ध (माधव) मारू ने भी पहुंचकर धर्मलाभ लिया।
तुलसी विवाह के एक दिन पूर्व रात्रि में भगवान शालिग्रामजी की भव्य बारात निकाली गई। बारात में प्रतीकात्मक हाथी पर भगवान महाकाल, घोड़े पर भगवान शालिग्रामजी तथा पालकी में भगवान सांवरिया सेठ विराजमान थे। यह शोभायात्रा रात्रि 8 बजे स्थानीय कल्याणराव मंदिर, बड़ा बाजार से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से निकली।
शोभायात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा, शीतल पेय वितरण एवं आतिशबाजी के साथ श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। नगरवासियों के अनुसार ऐसा भव्य धार्मिक आयोजन पहली बार देखने को मिला।
अगले दिन प्रातः 11 बजे कल्याणराव मंदिर से तुलसी विवाह की बारात निकाली गई, जो सरस्वती शिशु मंदिर पहुंची। यहां विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ तुलसी-शालिग्राम विवाह संपन्न कराया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त योगेंद्र फरर्क्या परिवार द्वारा स्नेह भोज का आयोजन भी किया गया।
संपूर्ण आयोजन जोशी परिवार एवं कल्याणराव मंदिर समिति के तत्वावधान में संपन्न हुआ। आयोजनकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले नगर के धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।