भोपाल। मध्य प्रदेश में आंधी और बारिश के चलते लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज हवाओं और बारिश के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। कई शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है। विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए इंदौर और उज्जैन संभाग समेत कुल 36 जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम केंद्र ने नीमच, मंदसौर और आगर-मालवा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
वहीं इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल और हरदा जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर जारी है। इसके चलते आने वाले दिनों में भी लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।