नीमच। ग्राम आमलीखेड़ा निवासी एवं बोरदिया में मेडिकल व्यवसाय संचालित करने वाले रघुवीर सिंह की सड़क दुर्घटना में हुई मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। बुधवार को करणी सेना परिवार, राजपूत समाज एवं सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर हादसे की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई तथा मृतक परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि रघुवीर सिंह 29 मई की रात अपना मेडिकल स्टोर बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम बेलारी के समीप हुए सड़क हादसे में उनकी मृत्यु हो गई। क्षेत्र में लोकप्रिय एवं सम्मानित व्यक्तित्व के रूप में पहचान रखने वाले रघुवीर सिंह की असमय मृत्यु से समाज में शोक एवं आक्रोश का माहौल है।
करणी सेना परिवार के जिला अध्यक्ष गिरिराज सिंह रूपपुरा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि दुर्घटना की परिस्थितियां कई सवाल खड़े करती हैं। इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराई जाए। जांच में यदि किसी की लापरवाही अथवा जिम्मेदारी सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
संगठन ने मृतक के परिजनों को शासन की ओर से उचित आर्थिक सहायता, पात्रतानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ तथा दुर्घटना स्थल एवं आसपास के मार्गों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सुधार किए जाने की मांग भी की है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया गया है।