मनासा। पवित्र पुरुषोत्तम मास के अवसर पर श्री बालवीर हनुमान मंदिर में 89वें सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के संत साहित्याचार्य श्री चेतनराम जी महाराज (उदयपुर) की प्रेरणा से पिछले 89 सप्ताह से निरंतर चल रहे इस धार्मिक आयोजन में हजारों सनातन परिवारों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के लाभार्थी सुरेशचंद्र बिड़ला एवं मनोज बिड़ला परिवार ने श्रीहनुमानजी के विग्रह एवं चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन कर सामूहिक पाठ का शुभारंभ किया।
सत्संग में क्षेत्रीय विधायक अनिरुद्ध माधव मारू सहित अनेक भजन गायकों ने भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं। भजनों पर श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से झूमते हुए सहभागिता की।
सनातन सत्संग मंडल ने सभी श्रद्धालुओं एवं बिड़ला परिवार का आभार व्यक्त किया। साथ ही आगामी 90वें सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग में 9 जून को रात्रि 8.30 बजे श्री अयोध्यापुरी पंजाबी समाज, उषागंज में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया।