मंदसौर। जिले के पलवई फंटे पर मंगलवार देर रात करीब 11.30 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, गुर्जरबर्डिया निवासी हेमंत शर्मा (50) अपनी बाइक से बासाखेड़ी की ओर जा रहे थे। वहीं, सुनील दमामी (40) निवासी नेतावली गुर्जरबर्डिया की ओर आ रहे थे। पलवई फंटे के मोड़ पर दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों चालक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में हेमंत शर्मा के पैर, हाथ, सिर एवं चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि सुनील दमामी के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें लगी हैं।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि दोनों घायलों के सिर में गहरे घाव होने के कारण सर्जिकल वार्ड में उनका उपचार किया गया तथा कई टांके लगाए गए हैं। दोनों की स्थिति पर चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है।