नीमच। प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष से जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु 5 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले विशेष अभियान की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विश्व पर्यावरण दिवस से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक संचालित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने 5 जून को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान 3.0 के शुभारंभ के तहत वृहद पौधारोपण, 8 जून से स्वच्छता अभियान, 12 से 18 जून तक त्रि-दिवसीय जनकल्याण शिविरों तथा 19 एवं 20 जून को प्राकृतिक खेती विषयक कार्यशालाओं के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नीमच स्थित एनआईसी कक्ष में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एडीएम बीएस कलेश सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।