उज्जैन। ईरान-अमेरिका तनाव के बीच कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए कथित ड्रोन एवं मिसाइल हमले में मध्य प्रदेश के उज्जैन निवासी एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना सामने आई है। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उज्जैन की राज रॉयल कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय मंजूर अहमद पिछले लगभग 30 वर्षों से कुवैत में टेलरिंग का कार्य कर रहे थे। बताया जा रहा है कि वे 8 जून को अपनी भांजी की शादी में शामिल होने के लिए भारत आने वाले थे।
परिजनों के अनुसार हमले के दौरान मंजूर अहमद कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान हुए हमले में उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
बताया जा रहा है कि हमले में कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। हालांकि घटना को लेकर आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।
मंजूर अहमद की मौत की खबर से उनके परिजन, रिश्तेदार और परिचित गहरे सदमे में हैं। परिवार अब उनके पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया से जुड़ी औपचारिकताओं में जुटा हुआ है।