सरवानिया महाराज। शहर की सबसे बड़ी सामाजिक सेवा संस्था श्री काल भैरव मुक्तिधाम सेवा समिति की वार्षिक बैठक संरक्षक प्रकाशचंन्द्र नपावलिया, पुलिस चौकी प्रभारी निलेश सोलंकी, कारुलाल पाटीदार, प्रभुलाल पाटीदार, गोपाल पाटीदार, राजेशप्रताप सिंह राणावत (टुन्नी दरबार) की उपस्थिति में संपन्न हुई।
प्रति वर्षानुसार बैठक में इस वित्तीय वर्ष 2025-26 का आय व्यय अध्यक्ष पारसमल भोई, कोषाध्यक्ष फकीरचंद राठौर द्वारा प्रस्तुत किया गया। संपूर्ण वित्तीय वर्ष का आय व्यय एवं लेखा-जोखा सभी सदस्यों के सामने प्रस्तुत किया गया और सभी सदस्यों की सहमति पश्चात आय व्यय पत्रक का संरक्षक गणों द्वारा विमोचन किया गया। उसके पश्चात आगामी एक वर्ष की नवीन कार्य योजना के प्रस्ताव सचिव विनोद माली एवं सह सचिव मुकेश माली द्वारा रखे गए। प्रस्ताव में मुख्य रूप से धामनिया लासूर रोड पर स्थित शिशु शमशान की भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाने हेतु अनुविभागीय अधिकारी जावद एवं जिलाधीश नीमच को आवेदन देकर अतिक्रमण मुक्त करवाना। मुक्ति धाम में लकड़ी के भंडारण हेतु भंडार कक्ष का निर्माण करवाना , कुएं पर लोहे की जाली लगवाना, पूर्व में निर्मित चबूतरे पर टीन शेड हेतु विद्यायक/सांसद से राशि स्वीकृति हेतु निवेदन पत्र प्रस्तुत करना आदि प्रस्ताव रखे गए। प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा उपरांत सभी सदस्यों की सहमति से प्रस्तावों को पारित किया गया। बैठक के अंत में उपाध्यक्ष राजू भाई प्रजापत ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। बैठक में समिति के लगभग 90 सदस्यों सहित अन्य आंमत्रित लोग उपस्थित रहे तथा सहभोज किया गया।