चित्तौड़गढ़। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के निंबाहेड़ा सेवा केंद्र पर आदित्य ग्रासिम, नागदा के प्रेसिडेंट मनीष गर्ग ने अपने परिवार सहित भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सेवा केंद्र में एक दिन प्रवास कर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया तथा अपने विचार साझा किए।
मनीष गर्ग ने कहा कि यह स्थान केवल एक भवन नहीं, बल्कि आध्यात्मिक ऊर्जा का एक सशक्त केंद्र है। यहां का वातावरण सकारात्मकता, शांति और आत्मिक शक्ति से परिपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में प्रत्येक व्यक्ति को आध्यात्मिक ऊर्जा को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए तथा अपने संपर्क में आने वाले लोगों को भी सकारात्मक और आध्यात्मिक जीवन की ओर प्रेरित करना चाहिए।
उनकी धर्मपत्नी मृदुला गर्ग ने बताया कि वह नियमित रूप से ब्रह्माकुमारीज़ की प्रेरक वक्ता बीके शिवानी के विचार सुनती हैं। उनके प्रवचनों से जीवन की अनेक जटिल परिस्थितियों और मानसिक प्रश्नों का सरल समाधान प्राप्त होता है। उन्होंने सेवा केंद्र के शांत और सकारात्मक वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें गहन मानसिक शांति की अनुभूति हुई।
मनीष गर्ग की पुत्री कुंजल गर्ग ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि यद्यपि उनकी उम्र अभी कम है और आध्यात्मिक विषयों को पूरी तरह समझने में समय लगेगा, फिर भी यहां के वातावरण ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया है। उन्होंने भविष्य में ईश्वरीय ज्ञान को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर निंबाहेड़ा सेवा केंद्र प्रभारी बीके शिवली दीदी एवं उपस्थित भाई-बहनों ने सभी अतिथियों का तिलक लगाकर एवं अंगवस्त्र ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत किया।
बीके शिवली दीदी ने बताया कि मनीष गर्ग उनके लौकिक (पारिवारिक) रिश्ते में बड़े भाई हैं। उन्होंने उनके जीवन में प्राप्त उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे परिवार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परमात्मा ने उन्हें जो महत्वपूर्ण दायित्व और पद प्रदान किया है, उसके माध्यम से वे समाज और राष्ट्रहित में सकारात्मक योगदान देते रहें।