चित्तौड़गढ़। निंबाहेड़ा उपखंड की ग्राम पंचायत बाड़ी स्थित मानसरोवर बांध पर विराजमान नवग्रह श्री शनिदेव महाराज मंदिर में शनिवार को आयोजित विशाल भजन संध्या श्रद्धा, भक्ति और आस्था का केंद्र बनी रही। एक दिवसीय धार्मिक आयोजन में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान शनिदेव महाराज के दर्शन कर भजन-कीर्तन का आनंद लिया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में श्री शनिदेव मंदिर समिति के अध्यक्ष भंवरलाल सुथार, बंशीलाल कुमावत, अशोक सेन, श्यामलाल कुमावत, पर्वत सिंह आंजना, मानमल रेगर, राहुल गुर्जर, अशोक तेली तथा आयोजनकर्ता एवं पूर्व उपसरपंच दिनेश धाकड़ ने राजस्थान के पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना, चित्तौड़गढ़ जिला फुटबॉल संघ के कोषाध्यक्ष मनोज पारख सहित अतिथियों का उपराना ओढ़ाकर सम्मान किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना ने शनिदेव महाराज के दर्शन कर प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, उत्तम वर्षा, किसानों की उन्नति एवं जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सद्भाव, संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
भजन संध्या में भजन गायिका यशोदा कुमावत, प्रसिद्ध भजन गायक नागराज एवं बाल भजन गायिका काव्या श्याम दीवानी ने अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे और पूरा मंदिर परिसर जयकारों से गुंजायमान हो गया।
श्रद्धालुओं ने शनिदेव महाराज को तेल, पुष्प एवं नैवेद्य अर्पित कर पूजा-अर्चना की तथा परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। आयोजन के दौरान आध्यात्मिक वातावरण ने सभी को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बाड़ी के प्रशासक गोपाल रेगर, उपसरपंच कैलाश आंजना, बाबूलाल धाकड़, देवीलाल मीणा, विकास धाकड़, संतोष पुरिया, ललित नायक सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
अंत में महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।