नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र में मंगलवार को फोरलेन स्थित बरखेड़ा हाड़ा चौराहे के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नीमच जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, शाजापुर जिले के दो श्रद्धालु बाइक से राजस्थान के रामदेवरा जा रहे थे। यात्रा के दौरान वे भादवामाता मंदिर के दर्शन के लिए मुड़ रहे थे। इसी दौरान बरखेड़ा हाड़ा चौराहे के पास उनकी बाइक सामने से आ रही एक अन्य बाइक से टकरा गई। दूसरी बाइक पर स्थानीय निवासी बुजुर्ग सवार थे।
हादसे में लक्ष्मण (60) पिता ताराचंद निवासी बरखेड़ा हाड़ा, नीमच, लक्ष्मण (28) पिता बहादुर सिंह निवासी बड़ी पिलाई, जिला शाजापुर और अखिलेश (42) पिता बहादुर सिंह निवासी बड़ी पिलाई, जिला शाजापुर घायल हुए हैं।
108 टीम ने पहुंचाया अस्पताल-
दुर्घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के पायलट भैरूलाल राठौर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और तत्काल नीमच जिला चिकित्सालय पहुंचाया। यहां चिकित्सकों की टीम घायलों का उपचार कर रही है।
नीमच सिटी थाना पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।