निम्बाहेड़ा। ग्राम पंचायत बांगरेड़ा मामादेव मुख्यालय पर आयोजित चुनावी कार्यक्रम में पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास, जनहित से जुड़े मुद्दों और ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत आवश्यकताओं पर चर्चा की। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए भाजपा के पक्ष में समर्थन की अपील की।
विधायक कृपलानी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से किसानों, गरीबों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद वर्गों को लाभ पहुंचा रही है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार भी जनकल्याण, किसान हित, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास कर रही है।
कृपलानी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। विकास की निरंतरता बनाए रखने के लिए जनभागीदारी और मजबूत संगठन आवश्यक है।
इसके बाद विधायक श्रीचंद कृपलानी ग्राम चरलिया पहुंचे, जहां उन्होंने जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी निशा राजेश धाकड़ के चुनाव कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की मौजूदगी में चुनावी गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में उत्साह नजर आया।