मनासा। आज दिनांक 6 दिसंबर 2022 को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई मनासा द्वारा डॉ भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि को सामाजिक समरसता दिवस के रूप में मनाया गया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला सह बौद्धिक प्रमुख रजनीश शर्मा ने बताया कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का जीवन कष्टमय विपरीत परिस्थितियों से भरा हुआ था, लेकिन फिर भी उन्होंने हर मुसीबत का सामना कर संविधान सभा की निर्मात्री समिति के अध्यक्ष बनकर देश मे एक आदर्श स्थापित किया है। आज बाबा साहब की पुण्यतिथि के अवसर पर उनके अधूरे कार्य को पूरे करने की जिम्मेदारी हम सब विद्यार्थियों की है।
शर्मा ने कहा कि बाबा साहब हमेशा चाहते थे कि समाज मे सामाजिक समरसता उसी तरह बनी रहे जिस तरह प्राचीन काल के हिन्दू समाज मे थी। राष्ट्र हमेशा कर्म प्रधान रहा है एवं जाति व्यवस्था तो समय समय पर भारत मे आये आक्रांताओं की देन है। आज पुनः भारत को उसी मूल संस्कृति में लौटने का समय है।
रजनीश ने बताया कि देश संक्रमण काल से गुजर रहा है, जिसमे विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी कि वो सामाजिक समता की स्थापना कर राष्ट्र को परम वैभव तक ले जाये। कार्यक्रम में अभाविप नगर अध्यक्ष सुलेख बाहेती एवं नगर मंत्री अनिकेत झंवर भी मंच पर मौजूद थे। कार्यक्रम के समापन में आभार नगर मंत्री ने माना।