नीमच। शहर की सालों पुरानी जटिल समस्या के समाधान में सीएम शिवराज ने बंगला-बगीचा क्षेत्र के हजारों नागरिकों की अनदेखी की है। प्रदेश की शिवराज सरकार ने अधूरा समाधान कर नियमों को इतना सख्त बनाया कि लोग व्यवस्थापन बोर्ड तक ही नहीं पहुंचे। जटिल समाधान की वजह से ही निराकरण के लिए अब तक गिनती के लोगों ने ही आवेदन जमा कराए हैं।
नागरिकों ने कहा कि नगर पालिका चुनाव से पूर्व भाजपा ने जटिल नियमों में संसोधन का भरोसा दिया था। अब भाजपा के नवनिर्वाचित बोर्ड से जटिल नियमों में सरलता लाने की आस है। लेकिन परिषद की दो बैठकों में भी इस समस्या को स्थान नहीं मिला है। इससे ये प्रतित हो रहा है कि भाजपा ने केवल वोट बटोरने के लिए एक बार फिर भोली-भाली जनता को ठगा है।
--
बंगला-बगीचा क्षेत्र में निवासरतों का दर्द-
‘शिवराज सरकार ने विधानसभा चुनाव के पूर्व वोट के लिए ताबड़तोड़ तरीके से समस्या का समाधान किया था। नियम बनाने से पूर्व सरकार ने बंगला-बगीचा क्षेत्रों में निवासरत नागरिकों का पक्ष नहीं सुना। नपा के चुनाव में भाजपा ने भी जटिल नियमों को सरल करने का वादा किया। जनता ने इन्हें बहुमत देकर नपाध्यक्ष की सीट पर बैठाया। अब नवनिर्वाचित बोर्ड को समस्या के समाधान के लिए उचित कदम उठाना चाहिए।- मनीष शर्मा, बंगलावासी
‘शहर के बंगला व बगीचा क्षेत्रों में रहने वाले लोग चाहते हैं कि समस्या का सरल समाधान हो। समाधान के लिए पारित किए जाने वाले मसौदे में जनता के हित की बात हो। नपा चुनाव में भाजपा के नवनिर्वाचित बोर्ड ने भी चुनाव से पूर्व जटिल नियमों में सरलता लाने की बात कही थी। लेकिन अब तक इस दिशा में कोई पहल होती दिखाई नहीं दे रही है।- जावेद भाई, बंगलावासी