नीमच। मोदी सरकार द्वारा अडानी समूह को जबरदस्ती फायदा दिलाने के लिए एलआईसी और स्टेट बैंक के करोड़ों निवेशकों को खतरे में डाला गया है। यह आरोप लगाते हुए जिला कांग्रेस कमेटी ने आज विरोध प्रदर्शन कर उद्योगपति अडानी के पुतले की शव यात्रा निकाली। अंबेडकर मार्ग पर धरना प्रदर्शन करने के दौरान पार्षद प्रतिनिधि साबिर मसूदी ने मुंडन करवाया। कांग्रेस की महिला नेत्रियां पुतले की शव यात्रा लेकर निकली। एलआईसी कार्यालय पर जमकर नारेबाजी की गई। तत्पश्चात कांग्रेस जन पुतला लेकर एसबीआई कार्यालय पहुंचे। यहां पुतला दहन किया गया।
इस अवसर पर कांग्रेसी नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि अडानी और अंबानी को एलआईसी पोस्ट ऑफिस और बैंक में जमा गरीब मजदूरों का पैसा देकर मोदी और शाह की जोड़ी ने देश की अर्थव्यवस्था को बिगाड़ दिया है। गरीब मजदूरों को लोन लेने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ती है। भाजपा सरकार द्वारा अडानी और अंबानी को गैरवाजिब तरीके से लाभ पहुंचाया जा रहा है। जो 80 हजार करोड़ रूपए मोदी ने अडानी को दिलाएं है, वह आम आदमी का रुपया है, जो डूब गया है।
कांग्रेस ने मांग की कि इसकी जांच संयुक्त संसदीय समिति सुप्रीम कोर्ट के जजों से करवाई जाए। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अनिल चौरसिया के अलावा उमराव सिंह गुर्जर, मंगेश संघई, तरुण बाहेती, राजकुमार अहीर, मुकेश कालरा एवं वरिष्ठ नेताओं ने धरने के दौरान उपस्थितजनों को संबोधित किया।
जिला कांग्रेस कार्यालय के तत्वाधान में आयोजित धरना प्रदर्शन में महेश वीरवाल, बृजेश सक्सेना, मधु बंसल, स्नेहलता शर्मा, अनीता घनेटवाल, पंकज तिवारी, राकेश वर्मा, नितिन हसीजा, बाबू सलीम, बृजेश मित्तल, विमल नागोरी, विमल शर्मा, इंदरमल पामेचा, ओम दीवान, हरगोविंद दीवान एवं नीमच जावद और मनासा विधानसभा के कांग्रेसजन बड़ी संख्या में कांग्रेस जन मौजूद रहे।