मन्दसौर। केंद्र की मोदी सरकार के अडानी प्रेम के चलते देश में बदतर आर्थिक स्थिति को लेकर कांग्रेस ने सीधा वार केंद्र की मोदी सरकार एवं अडानी पर करते हुए आज बड़ी संख्या में एसबीआई मुख्य शाखा कार्यालय नीमच रोड तथा एलआईसी मुख्य शाखा कार्यालय मंडी के समीप जमकर प्रदर्शन किया एवं नारेबाजी की।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवकृष्ण पाटिल ने कहा कि जब से केंद्र में मोदी सरकार बैठी है उद्योगपतियों के प्रेम के चलते इन्होंने गरीबों का जीना दुश्वर कर रखा है। कांग्रेस लगातार मोदी का उद्योगपतियों के प्रति प्रेम के खिलाफ प्रदर्शन करती रही है और आज यह परिस्थिति हो गई कि अडानी की कंपनियों को एलआईसी और एसबीआई जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से दबाव डालकर लोन दिलवाने के कारण देश में आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। अडानी की कंपनियां गले तक कर्जे में डूब गई है जिसके लिए केंद्र की मोदी सरकार ही जवाबदार है क्योंकि अडानी के काले कारनामों को उन्होंने प्रोत्साहन दिया है।
पाटिल ने कहा कि देश के 40 उद्योगपतियों के पास इस देश का 50 प्रतिशत पैसा है, जबकि 50 प्रतिशत पैसा आम नागरिकों के पास है। यह इस देश की विडंबना है। इस कारण देश में गरीबी कम नहीं हो रही है। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हनीफ शेख ने भी भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए एसबीआई और एलआईसी जैसी प्रतिष्ठान को कंगाली के कगार पर ला खड़ा करने के लिए मोदी सरकार के खिलाफ अपने विचार व्यक्त किए।