भगवानपुरा। बिष्टान नगर में खरगोन रोड स्थित गणेश मार्केटिंग परिसर के छोटा नागराज मंदिर में धूमधाम से नाग दीपावली मनाई गई। इस अवसर पर अभिषेक पूजन व भंडारे का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने मंदिरों के बाहर दीपक लगाए व रात को आतिशबाजी भी की गई।
पंडित राम तिवारी ने बताया कि मंदिर परिषद में बाबा महाकाल स्वरूप महादेव शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा की गई है। रात को 8 बजे 1111 दीपक व काकड़ आरती हुई। श्री राम जानकी विवाह व नाग दीपावली पर्व पर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान हुए। सुबह से मंदिर परिषद में श्रद्धालुओं की पूजन व दर्शन के लिए भीड़ लगी।
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भंडारे में शामिल होकर प्रसादी ग्रहण की। महाकाल ग्रुप सदस्यों के द्वारा मंदिर परिसर में व्यवस्था को बनाए रखने में मदद की गई व श्रद्धालुओं को प्रसादी ग्रहण कराई गई। बिष्टान, बन्हेर बाड़ी भग्यापुर सहित आसपास के क्षेत्र में भी नाग मंदिरों में पूजा अर्चना का दौर जारी रहा। वहीं रात्रि के समय रंग बिरंगी आतिशबाजी की गई। श्रद्धालुओं ने आतिशबाजी का आनंद उठाया।