भगवानपुरा। तहसील मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम गुजरबावड़ी में शिव पंथ सत्संग परिवार द्वारा नशामुक्ति अभियान के तहत मां सरस्वती पिण्ड महाकुंभ का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। इस दौरान उपस्थितों ने दूध का प्याला पीते हुए नशा त्यागने का संकल्प लेकर गुरुदेव श्री कालुसिंह बाबा व माता सुमली का आर्शीवाद प्राप्त किया।
गुरुदेव श्री कालुसिंह बाबा ने कहा कि समाज में नशे कि लत बढ़ी है जो समाज को बर्बाद कर रही है। हमें इस दंगल से पार पाकर समाज को नई दिशा कि ओर ले जाना होगा। इसके साथ ही समाज में हो रहे धर्मांतरण को रोकने पर भी हमें ध्यान देना होगा। इस अवसर पर अनेक वक्ताओं ने उद्बोधन में कहा कि समाज कि रीति, संस्कृति से अगर छेड़छाड़ की गई तो उसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। इस अवसर पर गांव के खेड़ापति हनुमान जी के मंदिर से कलश यात्रा भी निकाली गई। कार्यक्रम में आसपास के गांवों के अलावा महाराष्ट्र गुजरात से महाराज एवं समाजजन शामिल हुए।