शामगढ़। सेवा सुरक्षा और संस्कार की भावनाओं को मन में लिए शामगढ़ प्रखंड के बजरंगियों द्वारा शामगढ़ में एक पूर्ण अनुशासित शौर्य संचलन निकाला गया। आपको बता दे कि विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल द्वारा संपूर्ण मालव प्रांत में शुक्रवार को एक साथ सभी स्थानों पर शौर्य संचलन निकाला जाना तय किया था। सर्वप्रथम मां भारती और श्री राम दरबार के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पण कर दीप प्रज्वलित किया गया। तत्पश्चात बजरंग दल के गौ रक्षा प्रमुख बालू सिंह द्वारा बजरंग दल की प्रार्थना करवाई गई। तत्पश्चात अतिथियों का परिचय एवं सम्मान किया गया। अगली कड़ी में विश्व हिंदू परिषद विभाग सत्संग प्रमुख शंकर सिंह द्वारा कार्यक्रम की प्रस्तावना रखी गई। इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर पधारें विभाग सेवा प्रमुख सत्यनारायण पाटीदार ने सभी को पाथेय प्रदान किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में हिन्दुत्व शक्ति ही राष्ट्र निर्माण कर सकती हैं। अब हिन्दुओं को अपने धर्म स्वाभिमान पर गर्व करने का समय है क्योंकि पांच सौ सालों के कलंक को हमने साफ कर दिया है और आज अयोध्या जी में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है, लेकिन हमें सर्तक रहने की भी जरूरत है क्योंकि आज हम जाति और पंथ के नाम पर बंटे हुए हैं और अपने शौर्य को भूलते जा रहे हैं। अब हमें अपने शौर्य को जागृत करने ओर धर्म कार्य में आगे बढ़ने की जरूरत है।
अतिथि के बौद्धिक के बाद शामगढ़ नगर के परम पूज्य गुरुदेव विक्रम पुरोहित ने सभी को अपने ओजस्वी वाणी से अनुग्रहित किया। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है हर परिवार बजरंग दल से जुड़े और हिंदू मान बिन्दुओं की रक्षा करें।
इस अवसर पर नारायण सिंह मंगलम, राम सिंह, हरेंद्र सिंह, पंकज बाली मंचासीन रहें।
संचलन में सबसे आगे गणवेश पहनने वालें बजरंगियों के साथ ध्वज वाहिनी, फिर घोष वाहिनी फिर अन्य कार्यकर्ताओं की वाहिनियां रहीं। संचलन का नगर में जगह जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। संचलन के बाद भारत माता आरती करने के पश्चात अल्पाहार हुआ।
शुक्रवार दोपहर शिव हनुमान मंदिर बस स्टैंड शामगढ़ पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का एकत्रीकरण हुआ। जहां पर पधारे हुए अतिथि सत्यनारायण पाटीदार विश्व हिंदू परिषद मंदसौर विभाग सेवा प्रमुख, शंकर सिंह चौहान विश्व हिंदू परिषद मंदसौर विभाग सत्संग प्रमुख, परम पूज्य गुरुदेव विक्रम पुरोहित, नारायण सिंह मंगलम विश्व हिंदू परिषद जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष, हरेंद्र सिंह बजरंग दल जिला सहसंयोजक, पंकज बाली बजरंग दल शामगढ़ प्रखंड संयोजक, मंचासीन होकर कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं को बौद्धिक दिया गया। मंच संचालन विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के दायित्व अधिकारी पीरू सिंह पडिहार द्वारा किया गया। दोपहर बाद शौर्य संचलन नगर के प्रमुख मार्गो से होता हुआ डाक बंगले में समापन हुआ। शौर्य संचलन मार्ग पर भारत विकास परिषद, नगर परिषद, नगर का गौरवान्वित शैक्षणिक संस्थान विद्या भारती, भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय परशुराम सेवा, वाल्मीकि समाज, दिव्या ज्योति गुर्जर जागृति संगठन सहित नगर के सभी सामाजिक संस्थाएं एवं नगर के सभी सेवाभावी संगठन एवं सर्व हिंदू समाज द्वारा जय श्री राम के जयकारों के साथ स्वागत किया गया। उक्त जानकारी विश्व हिंदू परिषद् शामगढ़ प्रखंड मंत्री होकम सिंह सिसोदिया जुनापानी ने दी।