शिवपुरी। जिले के दिनारा थाना क्षेत्र अंतर्गत डाक बंगला के पास आज सुबह एक ट्रक ने पैदल जा रहे पति-पत्नी को रौंद दिया। इस घटना में दंपती की मौके पर की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही दिनारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क हादसे की जांच शुरू की। इस हादसे की मुख्य वजह घना कोहरा बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक दिनारा कस्बे के कुमरयाने मोहल्ला के रहने वाले रघुवीर प्रजापति (35) अपनी पत्नी लक्ष्मी प्रजापति (32) के साथ साइकिल पर मोटर रखकर पैदल खेत में पानी देने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान दिनारा डाक बंगला के पास एक ट्रक ने पति-पत्नी दोनों को कुचल दिया। हादसे में दंपती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची दिनारा थाना पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। शवों को पोस्टमॉर्टम हाउस भेज मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।