शिवपुरी । मध्यप्रदेश सरकार महिलाओं को स्वास्थ्य सुविधा देने के कितने भी बड़े बड़े वादे कर लें, करोड़ो रूपए पानी की तरह बहा दें, लेकिन धरातल पर यह पूरी तरह से ध्वस्त ही नजर आता दिखाई पड़ता है।
ऐसा ही एक मामला बीती रात जिला अस्पताल से सामने आया है। जहां कड़कड़ाती सर्दी के बीच परिसर की फर्श पर एक प्रसूता ने नवजात को जन्म दिया। इस दौरान प्रसूता के साथ आईं महिलाओं ने ही प्रसव में मदद की। जबकि जिला अस्पताल में तैनात नर्सिंग स्टाफ मदद करने तक नहीं पहुंचा। प्रसूता की डिलीवरी होने के बाद परिजनों की ओर से सूचना दी गई। इसके बाद जच्चा-बच्चा को नर्सिंग स्टाफ ने वार्ड में भर्ती कराया।
जानकारी के मुताबिक सिरसौद थाना क्षेत्र के खोरगार गांव की रहने वाली रजन देवी जाटव को प्रसव पीड़ा के बाद रात करीब 1 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराने लाया गया था। हालांकि डॉक्टर के केबिन से पहुंचने से पहले ही प्रसूता ने जिला अस्पताल की गैलरी में नवजात को जन्म दे दिया। रजन देवी की सास सवोत्रा जाटव ने बताया कि बहू की डिलीवरी होने के बाद स्टाफ को सूचना लगी थी। इसके बाद स्टाफ ने ही जच्चा-बच्चा को वार्ड में भर्ती किया। हालांकि जच्चा-बच्चा की हालात सामान्य बताई जा रही है।