खरगोन। गायत्री प्रज्ञा संस्थान में अखिल विश्व गायत्री परिवार तहसील संगठन कसरावद ने तहसील स्तरीय कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में वर्ष 2026 में माता भगवती देवी एवं अखंड दीप की जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में कार्ययोजना बनाई गई।
उल्लेखनीय है कि शांतिकुंज हरिद्वार की ओर से जन्म शताब्दी वर्ष 2026 में होने वाले विश्वव्यापी कार्यक्रमों को लेकर अभी से कार्ययोजना बनाई जा रही है। इस संबंध में अप्रैल 2024 में राष्ट्र जागरण के उद्देश्य से एक रथ यात्रा पूरे देश में शांतिकुंज की ओर से निकाली जाएगी। इसके पूर्व जिला एवं तहसील स्तरों पर गांव-गांव एक उपयात्रा गायत्री परिवार द्वारा निकाली जा रही है। इसी क्रम में तहसील संगठन द्वारा कसरावद तहसील के 198 गांवों में 16 जनवरी से 18 फरवरी तक जन्म शताब्दी उपयात्रा निकालने की योजना इस कार्यशाला में बनाई गई।
इस अवसर पर तहसील क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित हुए। ग्राम रूपखेड़ा के अध्यापक रामलाल पटेल ने श्रद्धा संवर्धन यात्रा के बारे में युवाओं को मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि हमारे हर कार्यकर्ता को भागीरथ बनकर मातृशक्ति एवं अखंड दीप की बात जन-जन तक पहुंचाना है और इसका माध्यम यह रथयात्रा है। कोई भी यह अवसर चूके नहीं।
रामलाल पटेल ने कहा कि यात्रा के दौरान प्रत्येक गांव में माताजी की याद में पौधारोपण भी किया जाएगा। साथ ही प्लास्टिक से मुक्ति, स्वच्छता का संदेश देने के साथ ही युवाओं को नशामुक्ति के संकल्प भी दिलाए जाएंगे। गायत्री शक्तिपीठ के प्रबंध ट्रस्टी संजय शर्मा ने श्रद्धा संवर्धन यात्रा के बारे में विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। यात्रा को सफल बनाने के लिए गांव-गांव प्रभारी नियुक्त किए गए। सभी कार्यकर्ताओं ने यात्रा की सफलता के लिए बढ़-चढ़कर समय दान एवं अंशदान का संकल्प व्यक्त किया।
यात्रा को लेकर युवा जिला संयोजक धर्मेंद्र मुकाती, तहसील युवा संयोजक जितेन्द्र यादव, तहसील प्रज्ञा मंडल प्रभारी बलीराम, माधुरी मुकाती आदि ने भी अपने-अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन तहसील संयोजक मनोज यादव ने किया। संगीत युवा पुरोहित व संतोष पाटीदार ने प्रस्तुत किया। आभार सहायक प्रबंध ट्रस्टी सुरेश यादव ने माना।