नीमच। 21 दिसंबर की अल सुबह 5 बजे बिना किसी सूचना के रामपुरा की पुलिस और नगर परिषद ने हम गरीबों के कच्चे मकानों को बुलडोजर से रौंदकर नेस्तनाबूद कर दिया। हमारे घर में पड़े राशन पानी, कपड़े और और बिस्तरों को ज्वलनशील पदार्थ छिड़क कर आग के हवाले कर दिया। यह शिकायत लेकर रामपुरा के वार्ड नंबर 15 की भोई और वाल्मीकि समाज की महिलाएं आज नीमच के जिला कलेक्टर कार्यालय पर जनसुनवाई में गुहार लगाने पहुंची। महिलाओं ने कहा कि हमें धमकी दी गई है कि दोबारा यहां पर आए तो सभी को जेल पहुंचा दिया जाएगा।
महिलाओं ने ज्ञापन सौंप कर कहा कि प्रधानमंत्री का देश के हर एक नागरिक को आवास देने का वादा है। पिछले 20 सालों से यह जमीन हमारे पास है। पिछले कई सालों से हम झोपड़ी बना कर यहां रह रहे हैं। रसूखदार लोग शासन की पट्टा योजना का अवैध लाभ ले रहे हैं। खुद शासकीय भूमि पर पक्के मकान बना रहे हैं। दूसरी और हमारे साथ जबरन पक्षपात पूर्ण व्यवहार करके हमें परेशान किया जा रहा है। महिलाओं ने ज्ञापन में मांग की है कि हमारे कच्चे आवासों और हजारों रुपए के हुए नुकसान की भरपाई कर इस भूमि पर आवासीय पट्टे मुहैया कराए जाए। ज्ञापन देते समय बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रही।