गुना। शहर में विगत दिनों एक प्रायवेट स्कूल में छात्राओं को हिजाब पहनाकर प्रेयर कराने का मामला सामने आया था। प्रिंस ग्लोबल स्कूल में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा प्रदर्शन करते हुए स्कूल संचालक और स्टाफ पर कार्रवाई की मांग की गई थी। प्रदर्शन को देखते हुए स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग ने उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी शिक्षा विभाग द्वारा स्कूल पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जिन लोगों को हटाया गया था, स्कूल प्रबंधन ने उन्हें भी वापस रख लिया है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन करते हुए डीईओ को ज्ञापन सौंपकर तीन दिन के अंदर प्रिंस ग्लोबल स्कूल पर कार्रवाई करने की मांग की थी। लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी डीईओ द्वारा कोई कार्यवाही नहीं करने से नाराज अभाविप कार्यकर्ताओं ने प्रेसवार्ता कर डीईओ के खिलाफ नाराजगी जताई और सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने की चेतावनी देते हुए कहा कि इसके लिए डीईओ जिम्मेदार होंगे।