बागली। अयोध्या में वर्षों बाद नवनिर्मित श्री राम मंदिर में श्री राम भगवान का प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम 22 जनवरी को निर्धारित किया गया है। उससे पूर्व में ग्रामीण क्षेत्रों में इस पर्व को लेकर तैयारियां की जा रही है। अयोध्या से आए अक्षत का गांव-गांव में वितरण किया जा रहा है। इसी के दौरान सोमवार के दिन बागली नगर में भव्य अक्षत कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा बागली नगर के प्राचीन व्यास पीठ से प्रारंभ हुई जो पूरे नगर का भ्रमण करते हुए गांधी चौक पहुंची।
इस दौरान यात्रा में बागली तहसील क्षेत्र के लगभग 84 गांव के ग्रामीण यात्रा में सम्मिलित हुए। पूरा बागली नगर भगवान श्री राम के जयकारों से गूंज उठा और पूरा भगवामय हो गया। यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश रखकर चल रही थी। वहीं युवा हाथों में भगवा ध्वज लेकर जय श्री राम के नारे लगाते हुए शामिल हुए।
बता दें कि यात्रा में चंपा बाग व्यायाम शाला अखाड़ा के कलाकार भी आगे आगे चलते हुए अपने कर्तव्य व कला दिखा रहे थे। इस दौरान जगह-जगह पर पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। यात्रा में विभाग सह समरसता प्रमुख कन्हैयालाल विश्वकर्मा, खंड कारवाह धर्मेंद्र सिंह सेंधव, हरिओम दास बांसवाड़ा, विधायक मुरली भंवरा, पंडित कनिष्क त्रिवेदी एवं सभी कार सेवक उपस्थित रहे।
मुकेश गुर्जर ने सभी से अपील कि है कि 22 जनवरी को सभी ग्रामीण अपने-अपने घरों पर यह पर्व मनाए। अपने घरों पर दीपक जलाए और भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा उत्सव का जश्न अवश्य मनाएं। संघ जिला कार्यवाह धर्मेंद्र सेंधव ने बताया कि बागली तहसील के 84 गांव में अक्षत कलशों का वितरण किया गया है। यह कलश सभी गांवों के राम मंदिरों में रखे जाएंगे। गांव के कार्यकर्ता अपने-अपने स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर घर-घर पहुंच रहे हैं। लोगों को अयोध्या पहुंचकर रामलाल के दर्शन करने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। 22 जनवरी को अपने-अपने घरों पर ही प्राण प्रतिष्ठा उत्सव मनाने की अपील भी कर रहे हैं।
इस अक्षत कलश यात्रा में काफी उत्साह देखा गया, जिसमें भगवान श्री राम परिवार की झांकी अलग-अलग वाहनों पर सजाई गई थी। इस दौरान यात्रा में जेसीबी मशीन एवं हार्वेस्टर मशीन से भी ग्रामीण जन यात्रा में पहुंचे। इस दौरान मंच से सभी अतिथियों द्वारा सभी गांव के कार्यकर्ताओं को अपने-अपने गांव का कलश वितरण किया गया।