देवास। आज सोमवार को कैलेंडर नववर्ष 2024 के पहले दिवस माता टेकरी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां तुलजा भवानी एवं मां चामुंडा के दर्शन करने पहुंचे। आपको बता दें शहर सहित आसपास के जिलों के भी भक्त यहां बड़ी संख्या में दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
हमारे संवाददाता से चर्चा में मां तुलजा भवानी के पुजारी ने जानकारी देते हुए बताया कि वैसे तो हिंदू नव वर्ष गुड़ी पड़वा पर मनाया जाता है, लेकिन कैलेंडर बदलने के इस नव वर्ष पर सुबह से दोपहर तक करीब 1 लाख की संख्या में यहां पर श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं और यह सिलसिला शाम तक जारी रहेगा। श्रद्धालु नववर्ष के पहले दिन आकर पूरे साल भर सुख समृद्धि और शांति की कामना करते हैं।
वहीं भोपाल से दर्शन करने पहुंची सरिता शुक्ला एवं आयुषी दिक्षित इन्दौर ने बताया कि मैं और मेरा पूरा परिवार नववर्ष पर माता टेकरी पर मां की आराधना करने पहुंचा है। आने वाला वर्ष प्रत्येक के जीवन में सुख समृद्धि लाए यही कामना माता रानी से की है। हमारी आस्था माता रानी से जुडी है। हर नवरात्रि में भी मां के दरबार मे दर्शन लाभ लेने आते हैं। मां तुलजा भवानी और मां चामुंडा का दरबार में हर भक्त की मुराद पूरी होती है।