नीमच। नयागांव नगर परिषद के अध्यक्ष सहित केसरपुरा व बोरखेड़ी के सरपंच और ग्रामवासियों ने आज फिर एक बार खोर स्थित विक्रम सीमेंट के खिलाफ नीमच कलेक्टर कार्यालय पर शिकायत की है। शिकायत में कहा गया है कि विक्रम सीमेंट के प्रबंधन द्वारा गांव के आसपास की जमीनों पर आधिपत्य जमाकर किसानों को आर्थिक, मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी जा रही है।
माइंस में ब्लास्टिंग के कारण गांव के खेत स्थित फसलों में, ट्यूबवेल तथा खेत की जमीन और किसानों के मकानों को हद से ज्यादा नुकसान हो रहा है। रोजगार का आश्वासन देखकर जिनकी जमीन ली गई थी उस पर आज दिनांक तक अमल नहीं किया गया। बोरखेड़ी, नया गांव में भी नियम के विरुद्ध खनन किया जा रहा है। रेलवे लाइन मेंटेनेंस के कारण आम रास्ते जो खराब हो रहे हैं उनके मेंटेनेंस नहीं किया जा रहा है। ज्ञापन में मांग की गई है कि बोरखेड़ी वाला रास्ता जो बंद करने की कगार पर पहुंच गया है उसे तुरंत चालू करवाया जाए। खेतों में नुकसान का मुआवजा दिया जाए। विक्रम सीमेंट जाने वाले निजी रेलवे लाइन पर नयागांव के किसानों के आने-जाने के लिए ब्रिज की व्यवस्था की जाए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि 3 दिन में मांगें नहीं मानी गई तो विक्रम सीमेंट फैक्ट्री गेट पर जनता के द्वारा धरना प्रदर्शन किया जाएगा।