खरगोन। बुधवार को बस स्टेंड क्षेत्र स्थित श्रीराम मंदिर में अयोध्या से पहुंचे, पूजित अक्षत कलशों को 219 मंदिरों से आए भक्तों के बीच वितरित किए गए। जोड़े से भक्त कलश लेकर अपनी बस्तियों में पहुंचे। 219 कलशों को शिरोधार्य कर जब महिलाएं शोभायात्रा के रुप में निकली और शामिल सनातनियों ने जब एक स्वर में जयश्रीराम का जयघोष किया तो समूचा क्षेत्र राममय हो गया। राधागोपिनाथ मंदिर की भजन मंडली द्वारा गाए जा रहे सुमधुर भजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। हजारों की संख्या में जुटे सनातनियों के हाथो में लहराते भगवा ध्वज के बीच श्रीराम दरबार के रुप में बग्घियों में सजे नन्हें बच्चे कलश यात्रा में आकर्षण का केंद्र रहे। घर- घर आमंत्रण स्वरुप पहुंचे है कलश कलश यात्रा में शामिल त्रिलोक डंडीर, बबलू पाल, अजय रघुवंशी आदि ने बताया उक्त पूजित अक्षत कलश अयोध्या मंदिर 22 जनवरी को होने वाले प्रभू श्रीराम के प्राण- प्रतिष्ठा महोत्सव समारोह के आमंत्रण स्वरुप पहुंचे है। यह कलश आज 219 बस्तियों के मंदिरों में कलश यात्रा के रुप में पहुंचाए जा रहे है, जहां से गुरुवार को कलशों में रखे गए अक्षतों को बस्तियों में निवासरत सनातनियों के घर- घर आमंत्रण स्वरुप पहुंचाएं जाएंगे। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला- पुरुष, बच्चे, युवा उत्साह के साथ शामिल हुआ।