खरगोन। 22 जनवरी को अयोध्या में बहुप्रतीक्षित राम लला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर इन दिनों गायत्री परिजनों में भी अपार उल्लास देखा जा रहा है। इस कार्यक्रम की भव्यता और दिव्यता के लिए गायत्री परिवार तहसील संगठन के कार्यकर्ता भी गांव-गांव गोष्ठियां आयोजित कर ग्रामीणों में उत्साह का संचार कर रहे हैं। रविवार को भी देवग्राम ग्राम मोगावां में गायत्री परिजनों ने राम मंदिर में ग्रामीणों को इकट्ठा कर इस संबंध में गोष्ठी ली। इसके पूर्व ग्राम कठोरा एवं माकड़खेड़ा में भी इस संबंध में गोष्ठियां ली जा चुकी हैं।
मोगावां में गोष्ठी को संबोधित करते हुए गायत्री शक्तिपीठ कसरावद के प्रबंध ट्रस्टी संजय शर्मा ने बताया कि लंबे इंतजार के बाद 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान राम के विग्रह की स्थापना होने जा रही है। उन्होंने कहा कि आप और हम बड़े भाग्यशाली हैं जो इस आध्यात्मिक महोत्सव के साक्षी बनेंगे। यह बड़े ही गौरव की बात है। अतः इस पर्व को हम सभी को पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को इसमें भागीदारी करनी चाहिए।