भगवानपुरा। नगर में सोमवार को सकल हिन्दू समाज द्वारा श्री राम मंदिर से अक्षत कलश की शोभायात्रा निकाली गई। ढोल तासो के साथ निकाली गई यात्रा में मस्तक पर कलश धारण किए हुए बालिकाएं सम्मिलित हुई। जय श्रीराम के जयकारों के साथ निकली यात्रा ग्राम के प्रमुख मार्गाे से होती हुई पुनः श्रीराम मंदिर पहुंची। इस दौरान गांव में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा के पूर्व अक्षत कलश का पूजन अर्चन किया गया। यात्रा में राम दरबार की झांकी बनाई गई, जिसमें श्री राम मंदिर समिति के बंटू राठौड़ ने नन्हे मुन्ने बच्चों को राम लक्ष्मण और जानकी के रूप में श्रृंगारित किया।
गौरतलब है कि अयोध्या में बन रहे भव्य मंदिर में 22 जनवरी को मार्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम लला विराजित होंगे। इसी के तहत प्रत्येक हिन्दू परिवार के घर-घर जाकर पूजित अक्षत देकर 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया जा रहा है ।