नीमच। बीते दिनों जयपुर (राजस्थान) में नीमच जिले के तहसील जावद ग्राम खातीखेड़ा की जांगिड़ ब्राह्मण समाज की युवती उमा सुथार की सरे बाजार कार से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। कार हादसे का शिकार मृतक उमा सुथार पिता मोतीलाल सुथार परिवार की बड़ी बेटी थी, जिस पर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी थी। उमा सुथार जयपुर में रहकर अपनी पढ़ाई एवं पार्ट टाइम में इवेंट मैनेजमेंट का कार्य करती थी। इवेंट मैनेजमेंट के कार्य से वह अपनी पढ़ाई का खर्चा तथा दो छोटे भाई बहनों सहित परिवार की आर्थिक स्थिति में मदद करती थी। जयपुर में कार से कुचलकर उसकी हत्या हो जाने से परिवार की आर्थिक स्थिति बदहाल हो गई।
नीमच जिला महासभा के महामंत्री शशिकांत दुबे ने बताया कि जांगिड़ ब्राह्मण समाज के परिवार में निर्मम हत्या हो जाने की सूचना प्राप्त होने पर अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा दिल्ली अंतर्गत प्रदेश सभा मध्य प्रदेश द्वारा परिवार को आर्थिक सहायता दी गई।
प्रदेश सभा मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष प्रभु दयाल जांगिड़, महामंत्री अनिल शर्मा, महासभा पदाधिकारी सुरेश शर्मा, प्रवीण शर्मा, राकेश शर्मा, नीमच जिलाध्यक्ष यशवंत चतुर्वेदी, इंदौर जिला अध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा, इंदौर समाज अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, सचिव अशोक रोडवाल, पंचगण सुशील कुमार (मुन्ना भैया), अरुण शर्मा आदि ने मध्य प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे नीमच जिले में जावद तहसील के ग्राम खातीखेड़ा पहुंचकर परिवार को एक लाख एक हज़ार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की और पीड़ित एवं दुखी परिवार को ढांढस बंधाया। पदाधिकारी ने परिवार को भविष्य में भी हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। पीड़ित परिवार ने आर्थिक सहायता देने हेतु समाज के सभी पदाधिकारीयो के प्रति धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया।