सिंगोली। थानांतर्गत ग्राम पलासिया में एक व्यक्ति द्वारा की गई आत्महत्या के मामले में पूछताछ के बाद पुलिस ने छह लोगों को नामजद किया है, उनमें तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन लोगों की तलाश की जा रही है। जैसा कि जाहिर है, बीते मंगलवार पलासिया निवासी शांतिलाल मेहर नामक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ घटक कर आत्महत्या कर ली थी।
आत्महत्या से पहले मृतक ने व्हाट्सएप पर एक सुसाइड नोट भी वायरल किया था, जिसमे उसने आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के लिए 6 लोगों के नाम बताए थे। सिंगोली पुलिस ने मृतक के परिजनों से मोबाईल फोन और सुसाइड नोट प्राप्त करने के बाद, संबंधित हीरालाल, बाबूलाल और ओंकारलाल मेहर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान इन तीनों लोगों ने रुपयों की लेनदेन को लेकर प्रताड़ित करना स्वीकार किया, बाद में थानाधिकारी बीएल भाबर ने कार्यवाही करते हुए कुल 6 लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामल दर्ज किया हैं।
शुक्रवार देर रात इस आशय की जानकारी देते हुए थानाधिकारी बीएल भाबर ने बताया कि मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया हैं। मामले में मुरली मेहर, प्रह्लाद सालवी खडी खुर्द,और शिशुपाल सालवी निवासी भाटखेड़ी की गिरफ्तारी होना है, फिलहाल उनकी तलाश की जारी है।
बताया जा रहा है कि मृतक शांतिलाल मेहर ने राजस्थान पुलिस द्वारा 2022 में पकड़ी गई डोडाचूरा पिकअप और उसकी रेकी कर रही अल्टो कार मामले में मध्यस्थता की थी, मामले में हुए 15 लाख के लेनदेन को लेकर उसमें लिप्त कुछ लोगों द्वारा पिछले कई दिनों से शांतिलाल को धमकाते हुए मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परेशान होकर शांतिलाल ने एक सुसाइड नोट समाज के वाट्सएप ग्रुप में वायरल कर जहरीला पदार्थ घटक लिया जिससे उसकी मौत हो गई थी।