भोपाल। सिंधी मेला समिति भोपाल के लालघाटी स्थित सुंदरवन गार्डन में 2 दिवसीय पारिवारिक मेले का आयोजन करने जा रही है। 13 अप्रैल से शुरू होने वाले इस आयोजन में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, ऊंट और घोड़ों की सवारी, सिंधी फन क्विज, म्यूजिकल चेयर रेस, छेज (सिंधी डांडिया) सहित सिंधी व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
समिति के अध्यक्ष मनीष दरयानी ने बताया कि मेले का शुभारंभ भगवान झूलेलाल के बहिराणा साहिब व द्वीप प्रज्वलन के साथ किया जाएगा। साथ ही गीत-संगीत मनोरंजन के लिए मुंबई के शुभम नाथानी बैंड को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इस वर्ष मेले में सिंधी यूथ फेस्टिवल भी होगा। जिसमें सिंधी समाज के युवाओं को अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए मिलेगा मंच।
तारक मेहता का उल्टा चश्मा फेम कलाकार करेंगे शिरकत
आयोजन इस वर्ष अपने 27वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इस मौके पर तारक मेहता उल्टा चश्मा फेम सोडी, डॉ. हाथी (निर्मल सोनी),कोमल (अंबिका रंजनकर) एवं जूनियर देवआनंद (किशोर भानुशाली) को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इस अवसर वरिष्ठ समाजसेवी स्व. उत्तमचंद ईसरानी, स्व. दादा गोविंदराम बतरा, स्व. शौकत राय कटारिया सहित स्व. काका कीमत राय नागदेव की स्मृति में सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाज सेवियों को सम्मानित किया जाएगा।
चेटीचंड पर आयोजित झूलेलाल शोभायात्रा में सम्मिलित झांकियों में से श्रेष्ठ झांकियों को सिंधी सेंट्रल पंचायत द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अलावा शान ए सिंधियत, ओल्ड इज गोल्ड, लकी फैमिली ऑफ द ईव जैसे पुरस्कारों का वितरण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम की जानकारी सिंधी मेला समिति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके दी। इस अवसर पर विधायक भगवानदास सबधानी, मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष मनोहर ममतानी, अध्यक्ष मनीष दरयानी, नरेश तलरेजा, के.एल. दलवानी, पीतांबर लाल राजदेव, अशोक माटा, राजेश मेघानी, सहित समाज के गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में मातृ शक्ति उपस्थित रही।