गुना। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सतेन्द्र सिंह के निर्देशन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रथम कौशिक के मार्गदर्शन में स्वीप गतिविधियां जारी हैं। जिले में लोकसभा निर्वाचन के लिए मतदान 7 मई को होना है।इसी क्रम में शासकीय कन्या विद्यालय आरोन में स्वीप प्लान की गतिविधियों के तहत मतदाता जागरूकता हेतु मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य नंदलाल यादव विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विनोद रघुवंशी सहित समस्त स्टॉफ एवं छात्राओं द्वारा ‘’चुनाव का पर्व देश का गर्व’’ स्लोगन के माध्यम से अधिक से अधिक मतदान करने के लिए जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
इसी क्रम मे बमोरी के शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल रामपुर कालोनी में मेंहदी एवं रंगोली प्रतियोगिता आदि गतिविधियां आयोजित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों द्वारा सभी विद्यार्थियों एवं पालकों को लोकसभा निर्वाचन में शत-प्रतिशत मतदान करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य ओमप्रकाश शर्मा, विद्यालय के स्टॉफ सहित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
सीएम राइज स्कूल गुना में शतरंज, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, कैरम आदि खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर अनिवार्य मतदान की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर नोडल अधिकारी प्राचार्य एसपी नाना की उपस्थिति में प्राचार्य आशीष टांटिया ने आवश्यक मतदान की शपथ दिलाई एवं उसके महत्व को समझाया। इस अवसर पर स्वीप टीम के अवधेश अवस्थी,राजेंद्र साहू, गोपाल कृष्ण श्रीवास्तव, आशीष दुबे, राशिद फारूकी, अजय श्रीवास्तव संजय सोनी उपस्थित रहे।