इंदौर। लोकसभा चुनाव को देखते हुए जहां बीजेपी घर-घर जाकर परिसर बैठक के माध्यम से मतदाताओं से संवाद करने में लगी है तो वहीं अब कांग्रेस भी घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेगी। दरअसल, कांग्रेस की शहर एवं जिला के मोर्चा संगठनों के अध्यक्ष एवं प्रकोष्ठ के अध्यक्षों की आवश्यक बैठक कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में आयोजित हुई थी। जिसमें सभी अध्यक्षों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ये हैं कांग्रेस के अलग-अलग विंग की जिम्मेदारियां
कांग्रेस संगठन ने चुनाव को देखते हुए बैठक में युवा कांग्रेस को प्रमुख बाजार एवं चौराहे पर युवाओं से संपर्क करने।
महिला कांग्रेस को घर-घर जाकर महिलाओं से संपर्क करने।
सेवादल को हाट बाजार एवं बस्तियों में संपर्क करने।
एनएसयूआई को छात्रों के कैंपस में जाकर छात्रों से संपर्क करने।
इंटक को मजदूरों के पास जाकर संपर्क करने।
सद्भावना प्रकोष्ठ को सभी धर्म समाज के लोगों से मिलकर संपर्क करने।
व्यापारी प्रकोष्ठ को व्यापार बाजार मार्केट में जाकर जनसंपर्क करने।
कौमी एकता प्रकोष्ठ को सभी धर्म समाज की बैठक आयोजित करने।
आई टी सेल को सोशल मीडिया के माध्यम से कांग्रेस की जन नीतियों को जनता तक पहुंचाने।
चिकित्सा प्रकोष्ठ को सभी प्राइवेट एवं सरकारी अस्पताल के डॉक्टर से संपर्क करने।
सूचना का अधिकार प्रकोष्ठ, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ को अनुसूचित जाति वर्ग में जाकर संपर्क करने।
पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ को पिछड़ा वर्ग से संपर्क करने।
बेरोजगार प्रकोष्ठ को मोदी जी के झूठे रोजगार देने के वादे से युवाओं को अवगत कराने।
परिवहन प्रकोष्ठ को सभी वाहन चालकों से संपर्क कर कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील करने की जवाबदारी कांग्रेस संगठन ने सौंपी है।
अम्बेड़कर जयंती से जनसंपर्क शुरू करेंगे बम
बैठक में शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा ने कहा कि 14 तारीख बाबा साहब अम्बेड़कर जयंती से लोकसभा प्रत्याशी अक्षय बम विधानसभा एक से जनसंपर्क करना शुरू करेंगे। 16 तारीख को श्रम शिविर में लोकसभा चुनाव हेतु कांग्रेस का मुख्य चुनाव कार्यालय का उद्घाटन होगा। बैठक में लोकसभा कांग्रेस के प्रत्याशी अक्षय बम, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव, मध्यप्रदेश विधि कांग्रेस के अध्यक्ष जय हार्डिया और पूर्व शहर अध्यक्ष प्रमोद टंडन उपस्थित थे।